ब्रिटेन की सबसे युवा डॉक्टर बनी रेचल
लंदन, 28 जून (आईएएनएस)। रेचल फाये ने 21 वर्ष की उम्र में डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करके ब्रिटेन की सबसे कम उम्र का डॉक्टर होने का रिकार्ड स्थापित किया है।
रेचल ने भारतीय मूल की हीनल रायचुरा द्वारा स्थापित पिछले रिकार्ड को ध्वस्त कर दिया। हीनल ने वर्ष 2008 में 22 वर्ष की उम्र में डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करके चर्चा बटोरी थी।
हीनल ने सेंट जार्ज विश्वविद्यालय से डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी की थी जबकि रेचल ने मैनचेस्टर विश्वविद्यालय से यह डिग्री हासिल की है। रेचल को अगले महीने डिग्री मिल जाएगी।
समाचार पत्र 'डेली मेल' ने रेचल के हवाले से लिखा है, "मैं 10 वर्ष की उम्र से ही डॉक्टर बनना चाहती थी। मेरी मां पशुओं की चिकित्सक थीं और मैं उनके पेशे से काफी रोमांचित हुआ करती थी। मैंने हमेशा लोगों की मदद करने के बारे में सोचा है।"
रेचल का जन्म ब्लैकपूल में हुआ था और वह अपनी मां तथा छोटे भाई के साथ आठ वर्ष की उम्र में लैंजारोट के कैनेरी द्वीप पर रहने चली आई थीं।
रेचल के स्कूल के शिक्षकों को उनकी क्षमताओं का आभास हो गया था और यही कारण है कि उन्होंने उन्हें स्कूल की कक्षाएं नहीं करने की छूट दे दी थी। इससे रेचल को मेडिकल की पढ़ाई करने का ज्यादा वक्त मिल जाता था।
13 वर्ष की उम्र में दसवीं और 15 वर्ष में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने वाली रेचल कहती हैं, "मैं मेडिकल परीक्षा के लिए आवेदन करना चाहती थी लेकिन इसके लिए मुझे दो वर्ष तक इंतजार करना पड़ा क्योंकि 17 वर्ष से कम उम्र में मैं इस परीक्षा में नहीं बैठ सकती थी।"
इसके बाद रेचल ने ब्रिटेन लौटने का फैसला किया। उन्होंने एक वर्ष तक स्वास्थ्य क्षेत्र में काम किया। इसके बाद उन्होंने मैनचेस्टर विश्वविद्यालय में आवेदन किया और डॉक्टरी की परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफल रहीं।
डॉक्टरी की डिग्री हासिल करने के बाद रेचल को रॉयल प्रेस्टन अस्पताल में दो वर्ष के लिए काम करना होगा, जिसके बाद वह बाल विशेषज्ञ चिकित्सक बनने के लिए अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications