जीटीएल सौदे के बाद आर कॉम में 4.6 प्रतिशत की तेजी
दिन के कारोबार में रिलायंस कम्युनिकेशन ने 204.75 रुपये का उच्च स्तर छुआ। कारोबार के अंत में यह 8.9 रुपये (4.65 प्रतिशत) बढ़कर 201.45 रुपये पर बंद हुआ। शुक्रवार को आर कॉम का शेयर 192.50 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था।
दिन के कारोबार में जीटीएल इंफ्रा के शेयर ने भी 54.40 रुपये का उच्च स्तर छुआ, बाद में यह 4.08 प्रतिशत बढ़कर 47.20 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।
अनिल अंबानी के स्वामित्व वाली देश की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन (आर कॉम) ने रविवार को अपने टॉवर उद्योग का 50,000 करोड़ रुपये (11 अरब डॉलर) में जीटीएल इंफ्रा में विलय करने की घोषणा की थी।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि सौदे में तय नकद हस्तांतरण अगले छह महीने में किया जाएगा। सौदे से आर कॉम को अपने कर्ज चुकाने और वित्तीय मजबूती प्राप्त करने के लिए नकदी प्राप्त होगी।
कंपनी ने कहा, "आर कॉम के पूंजीकरण और आर कॉम एवं रिलायंस इंफ्राटेल के छोटे हिस्सेदारों को शेयरों के वितरण के संबंध में जानकारियां स्वतंत्र कीमत निर्धारणकर्ताओं और सलाहकारों के द्वारा रणनीति तय करने के बाद उपलब्ध कराई जाएंगी।"
बयान में कहा गया कि आर कॉम के पास रिलायंस इंफ्राटेल की दो लाख किलोमीटर लंबी फाइबर ऑप्टिक केबल का नेटवर्क बचा रहेगा। नई कंपनी को बाजार में सूचीबद्ध कराया जाएगा जिसके शेयर दोनों कंपनियों के शेयर धारकों को वितरित किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications