ईंधन कीमतों में वृद्धि के खिलाफ त्रिपुरा में बंद
अगरतला, 28 जून (आईएएनएस)। ईंधन कीमतों में वृद्धि के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ त्रिपुरा में सत्ताधारी वामपंथी गठबंधन द्वारा किए गए बंद के आह्वान की वजह से सोमवार को यहां सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की केंद्रीय समिति के सदस्य बिजोन धर ने पत्रकारों से कहा, "हड़ताल के जरिए लोगों ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ अपना विरोध जताया है।"
प्रदेश के ज्यादातर बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, सरकारी और अर्धसरकारी दफ्तर, शिक्षण संस्थान, बैंक और वित्तीय संस्थान बंद रहे और यातायात बाधित रहा। त्रिपुरा में बंद के चलते रेल सेवाएं भी बाधित हुईं।
अगरतला हवाईअड्डे के अधिकारियों के मुताबिक हवाई सेवाएं सामान्य हैं।
पुलिस प्रवक्ता नेपाल दास ने आईएएनएस से कहा, "सुबह से शाम तक की यह हड़ताल पूरी तरह शांति पूर्ण है, किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।"
बंद के चलते त्रिपुरा से बांग्लादेश और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों को जाने वाली बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
सीमा शुल्क विभाग के मुताबिक भारत-बांग्लादेश के बीच व्यापार भी बंद के चलते बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अखौरा चौकी के करीब सैकड़ों ट्रक खड़े हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications