सोनिया ने रोहतांग सुरंग की नींव रखी (लीड-1)
सरवर काशनी
सोलांग(हिमाचल प्रदेश), 28 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को 13,300 फुट ऊंचाई पर दुनिया की सबसे लंबी सुरंग की आधारशिला रखी। इस सुरंग के बन जाने के बाद लद्दाख और मनाली साल भर सड़क संपर्क बना रहेगा।
यह सुरंग मनाली से 25 किलोमीटर दूर धुंडी में बनेगी। यह 8.8 किलोमीटर लंबी होगी। सोनिया ने सुरंग के दक्षिणी छोर के निकट रिमोट कंट्रोल का बटन दबाकर खनन कार्य का आरंभ किया।
उन्होंने काले ग्रेनाइट की पट्टिका का अनावरण भी किया। इस पट्टिका पर लिखा है, "रोहतांग सुरंग की आधारशिला 28 जून, 2010 को राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा रखी गई।"
इस सुरंग की आधारशिला रखे जाने के मौके पर रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी मौजूद थे। इस सुरंग से हिमाचल के लाहौल और स्पीति जिले सड़क संपर्क से जुड़ जाएंगे। सर्दी के मौसम में इन दोनों जगहों का संपर्क देश के शेष हिस्से से कट जाता था।
सोनिया की ओर से इस सुरंग की आधारशिला रखे जाने से पहले सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और बौध धर्म के गुरुओं ने इस परियोजना के सफल होने की प्रार्थना की।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी इस सुरंग के निर्माण को 'बड़ी भूगर्भीय चुनौती' मानते हैं। इस सुरंग की परियोजना पर कुल 1,500 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। यह 63 महीने में बनकर तैयार होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications