राष्ट्रमंडल मशाल के स्वागत की तैयारियां पूरी
अल्केश शर्मा
अटारी (पंजाब), 24 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों की मशाल यात्रा 'क्वीन्स बैटन रिले' के वाघा सीमा पर भव्य स्वागत करने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अब सभी उस पल के इंतजार में हैं जब मशाल पाकिस्तान के रास्ते भारत में प्रवेश करेगी।
राष्ट्रमंडल में शामिल देशों में 170,000 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद मशाल पहली बार शुक्रवार को सुबह 9.25 बजे भारतीय सीमा में प्रवेश करेगी। इसके बाद यह मशाल देश के 28 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों में 20,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए 30 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचेगी।
खेलों के आयोजन से जुड़े राजा सिद्धू ने आईएएनएस को बताया कि इस मौके पर भारत और पाकिस्तान के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन भी करेंगे। यहां राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के अध्यक्ष माइक फेनल मुख्य अतिथि होंगे।
पाकिस्तान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सईद आरिफ हसन मशाल को भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को वाघा बार्डर पर सौपेंगे। इस अवसर पर एक सामारोह के दौरान कलमाड़ी के साथ संघ के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को यह मशाल सौंपी जाएगी। ओलंपिक खेलों में हिस्सा ले चुके अभिनव बिंद्रा, विजेंदर सिंह और सुशील कुमार के भी यहां मौजूद रहने की संभावना है। इस समारोह के दौरान हजारों लोगों के इक्कठा होने की उम्मीद है।
अमृतसर से लोकसभा सदस्य और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, "यह बड़े गर्व की बात है कि मशाल अटारी-वाघा सीमा से होकर भारत में प्रवेश करेगी। मैं इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मैं मशाल का स्वागत करने के लिए मौके पर मौजदू रहूंगा। अमृतसर के लिए भी यह बहुत बड़ा मौका है।"
गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में तीन से 14 अक्टूबर तक राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया जाएगा। वर्ष 1982 में देश में हुए एशियाई खेलों के बाद यह खेलों के लिहाज से सबसे बड़ा आयोजन होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications