जसवंत की वापसी का रास्ता साफ
नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की अपनी पुस्तक में तारीफ करने के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से बाहर किए गए पूर्व केंद्रीय मंत्री जसंवत सिंह की गुरुवार को पार्टी में वापसी होने की संभावना है।
संभावना इस बात की है कि जसवंत की वापसी की घोषणा आज खुद भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी करें। जसवंत ने अपनी पुस्तक 'जिन्ना: इंडिया-पार्टिशन इंडिपेंडेंस' में जिन्ना की तारीफ की थी और इसीलिए नौ महीने पहले उन्हें पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की पहल पर जसवंत की वापसी का रास्ता लगभग साफ हो गया है। यह पूछे जाने पर कि उनकी वापसी का फैसला संसदीय बोर्ड की बैठक से बाहर लिए जाने पर सवाल नहीं खड़े होंगे तो उन्होंने कहा, "कुछ फैसले आवश्यता पड़ने पर इसी तरह किए जाते हैं। वैसे जरूरी नहीं है कि संसदीय बोर्ड की बैठक मीडिया को बताकर की जाए।"
इस मामले पर भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने आईएएनएस से कहा, "उचित समय पर आपको उचित जानकारी दी जाएगी। यह बात जरूर है कि भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी दिन में साढ़े तीन बजे पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications