ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस हादसे में 7वीं गिरफ्तारी (लीड-1)
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम ने झारग्राम के मानिकपाड़ा गांव में पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण समिति (पीसीएपीए) के सक्रिय सदस्य अमिय महतो को बुधवार रात गिरफ्तार किया।
संयुक्त टीम ने इस हादसे में संदिग्ध भूमिका के लिए तपन महतो को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
सीबीआई के वकील पार्थ तपस्वी ने कहा कि अमिय महतो को झारग्राम में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 10 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया।
तपस्वी ने कहा कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए हीरालाल महतो को भी अदालत में पेश किया गया। उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस बीच सीबीआई अधिकारियों ने वह औजार बरामद कर लिया जिससे पैंड्राल क्लिप्स निकालने में उपयोग किया गया था। रेलवे गैंगमैन द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाला यह औजार अमिय महतो के घर से बरामद किया गया। इसके साथ ही बापी महतो के घर से भी कुछ औजार बरामद किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने हुए इस हादसे में 148 लोग मारे गए थे।
झारग्राम के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने आईएएनएस को बताया, "तोड़फोड़ में संलिप्तता के आरोप में अमिया महतो को बुधवार रात गिरफ्तार किया गया।"
इस दुर्घटना के मामले में यह सातवीं गिरफ्तारी है। पिछले माह की 28 तारीख को हावड़ा से मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस सरडीहा और खेमासुली स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गई तभी दूसरी पटरी पर आ रही मालगाड़ी ने उसके डिब्बों को रौंद दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications