ममता ने दिग्विजय सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया
नई दिल्ली। रेल मंत्री ममता बनर्जी ने सांसद और पूर्व रेल व विदेश राज्यमंत्री दिग्विजय सिंह के असामयिक निधन पर शोक प्रकट किया है। दिग्विजय सिंह का आज लंदन में निधन हो गया।
ममता बनर्जी ने अपने शोक संदेश में कहा, "दिग्विजय सिंह मेरे निकट सहयोगी थे। वह जोशीले राजनेता थे और उन्होंने पूरे समर्पण एवं प्रतिबद्घता के साथ लोगों की सेवा की। भारतीय राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश में निशानेबाजी के खेल को बहुत प्रोत्साहन दिया। उन्होंने भिन्न-भिन्न अवसरों पर केन्द्र सरकार में भी काम किया तथा अपनी मेहनत और दृढ़ निश्चय की अमिट छाप छोड़ी। सिंह ने दलितों और समाज के कमजोर तबकों के उत्थान के लिए अथक कार्य किया। उनके निधन से रिक्त हुए स्थान को भरना कठिन होगा।"
क्लिक करें- देश दुनिया की खबरें | लाइफस्टाइल पर लेख
रेल राज्य मंत्री ई़ अहमद ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिग्विजय सिंह के दुर्भाग्यपूर्ण निधन से राष्ट्र ने जोशीला सांसद खो दिया है जिन्होंने साम्प्रदायिक सौहार्द और सामाजिक न्याय के आदर्शो के लिए जीवन जिया। उन्होंने देश में निशानेबाजी को प्रोत्साहन देने के लिए ईमानदारी से कार्य किया और देश के सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में योगदान के लिए लम्बे समय तक याद किए जाएंगे।
रेल राज्य मंत्री क़े एच़ मुनियप्पा ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिग्विजय सिंह के अचानक और दुर्भाग्यपूर्ण निधन से राष्ट्र ने बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व और समर्पित राजनेता को खो दिया है। दिग्विजय सिंह सामाजिक न्याय के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्घ थे तथा उन्होंने गरीबों और वंचित तबकों के कल्याण के लिए सक्रिय कार्य किया। उन्हें निशानेबाजी के खेल के लिए विशेष रूप से याद किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications