पाकिस्तान में 5 अमेरिकी दोषी करार
इस्लामाबाद, 24 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान की एक अदालत ने गुरुवार को पांच अमेरिकियों को आतंकवाद संबंधी आरोपों में दोषी करार देते हुए 10-10 साल के कारावास की सजा सुनाई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पांचों व्यक्तियों की उम्र 19 से 25 बरस है। इन सभी को गत दिसंबर में पाकिस्तान के पंजाब सूबे के सरगोधा से गिरफ्तार किया गया था। वे उससे कुछ ही दिन पहले अमेरिका के वर्जीनिया से लौटे थे।
सरकारी वकील नदीम अकरम चीमा ने बताया, "अदालत ने उन्हें आतंकवादी हमलों की साजिश रचने का दोषी पाया है और उन सभी को 10-10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है।"
चीमा ने कहा कि पांचों व्यक्तियों को देशद्रोह का भी दोषी ठहराया गया है और इस जुर्म में पांच-पांच साल की कैद तथा 70,000 के जुर्माने की सजा सुनाई है।
इन पांचों अमेरिकियों में से दो पाकिस्तानी मूल के हैं, जबकि बाकी के तीन मिस्र, यमन और इरिट्रिया मूल के हैं। इनके परिजनों ने नवंबर में इनके लापता होने की रपट की थी।
पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि इन सभी ने आतंकवाद का प्रशिक्षण हासिल करने के लिए कबायली इलाकों का दौरा किया था। पांचों युवकों ने इन आरोपों से इंकार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications