मंत्री के परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कंपू थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा के परिजनों का आईपीएस कालेज है। इस कालेज में जाने का रास्ता बेला गांव से होकर जाता है। कालेज प्रशासन इस रास्ते पर कब्जा करना चाहता है। इसको लेकर मामला न्यायालय मे लंबित है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बुधवार की रात को कालेज से संबद्घ लोग सड़क पर निर्माण कार्य कराने पहुंचे और उनसे गांव खाली करने को कहा गया, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भतीजे दीपक वाजपेयी, स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा के भाई अजय मिश्रा, अभय मिश्रा व अश्विनी मिश्रा तथा अन्य लोग भी शामिल थे। निर्माण कार्य शुरू होता इससे पहले गांव वालों और कालेज प्रबंधन से जुड़े लोगों में विवाद हुआ। जिसमें फायरिंग भी हुई। इस गोलीबारी में भीकम सिंह मारा गया और गांव के पांच लोग घायल हुए।
ग्रामीणों ने इस घटना के लिए जिम्मेदार मंत्री के परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए गुरुवार को प्रदर्शन किया। आखिर में पुलिस ने परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं ग्रामीण अब भी मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम. एस. वर्मा ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अनूप मिश्रा के भाई अजय मिश्रा, अभय मिश्रा, दीपक वाजपेयी, अश्विनी मिश्रा सहित सात लोगों के खिलाफ कंपू थाने में धारा 302, 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
बेला गांव में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और भारी संख्या में वहां पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications