मायावती सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने मनाया काला दिवस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री मायावती की सरकार के स्थानीय निकाय चुनावों को दलविहीन आधार पर कराने के फैसले के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को राज्य में काला दिवस मनाया। कुछ स्थानों पर पुलिस के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झ्झड़पें भी हुईं।
राज्य के सभी 71 जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथ में काली पट्टी बांधकर धरना प्रदशर्न किया और प्रदेश सरकार द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों के संबंध में जारी अधिसूचना की प्रतियों की होली जलाई। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुबोध श्रीवास्तव ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि प्रदेश में हजारों कांग्रेसियों ने आज मायावती सरकार के असंवैधानिक फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरकर अपना विरोध प्रकट किया।
क्लिक करें- उत्तर प्रदेश की खबरें
उन्होंने जोर दिया कि जब तक सरकार अपना फैसला वापस नहीं लेती कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी और आने वाले दिनों में यह लड़ाई और तेज होगी। इलाहाबाद में अधिसूचना की प्रतियां जला रहे कांग्रेसियों को जब पुलिस ने रोका तो उनकी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और झड़प हुई। इलाहाबाद के अलावा लखनऊ, कानपुर और बरेली में भी कांग्रेसियों और पुलिस के बीच धरना-प्रदशर्न के दौरान धक्का-मुक्की हुई।
मालूम हो कि विपक्षी दलों के विरोध को नजरअंदाज करते हुए मायावती सरकार ने स्थानीय निकाय चुनावों को गैर दलीय आधर पर कराने के फैसले को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री मायावती की अध्यक्षता में गत शुक्रवार को मंत्रिपरिषद ने उप्र नगर पालिका (सदस्यों, पार्षदों, अध्यक्षों एव महापौरों का निर्वाचन) नियमावली 2010 को अनुमोदित कर दिया। प्रदेश में निकाय चुनाव नवंबर 2011 में होने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications