बांग्लादेश में प्रशिक्षित 10 आतंकवादियों का त्रिपुरा में समर्पण
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के 10 आतंकवादियों ने बांग्लादेश के विभिन्न स्थानों से अपने शिविरों से भागकर सीमा सुरक्ष बल (बीएसएफ) और असम राइफल्स के सामने विभिन्न जगहों पर समर्पण किया।
प्रवक्ता ने कहा कि उन आतंकवादियों ने पूछताछ में बताया कि बांग्लादेश के सुरक्षा बलों द्वारा उनके शिविरों में छापेमारी के बाद वे वहां से भागे। प्रवक्ता ने कहा कि आतंकवादी धन की कमी से भी जूझ रहे थे।
सोमवार से अब तक बांग्लादेश प्रशिक्षित एनएलएफटी के 16 आतंकवादी हथियार डाल चुके हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि पूछताछ में बांग्लादेश में शरण लिए हुए पूर्वोत्तर के आतंकवादियों के बारे में व्यापक जानकारी मिली है।
इस वर्ष अब तक एनएलएफटी और आल इंडिया त्रिपुरा टाइगर फोर्स (एटीटीएफ) के करीब 60 आतंकवादी बांग्लादेश से भागकर सुरक्षा बलों के सामने समर्पण कर चुके हैं।
एक आधिकारिक आंकड़े के अनुसार वर्ष 1993 से अब तक 8,000 से अधिक जनजातीय गुरिल्ला त्रिपुरा में अधिकारियों के सामने समर्पण कर चुके हैं।
एनएलएफटी और एटीटीएफ स्थानीय जनजातियों की स्वाधीनता और त्रिपुरा के भारत से अलगाव की मांग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications