कनाडा के लिए कल रवाना होंगे मनमोहन सिंह
नई दिल्ली। टोरंटो में 26-27 जून को होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार को रवाना होंगे। वहां सिंह कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर से भी बातचीत करेंगे और भारत-अमेरिका परमाणु समझौते की तर्ज पर एक द्विपक्षीय परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर भी करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि कनाडा की इस यात्रा के दौरान टोरंटो में प्रवेश से पहले प्रधानमंत्री का विशेष विमान एयर इंडिया वन फ्रैंकफर्ट में रातभर रुकेगा। मनमोहन सिंह जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले ऐसे अकेले नेता होंगे जिनके सम्मान में हार्पर रात्रिभोज देंगे। रविवार को जी-20 शिखर सम्मेलन के समापन के बाद आयोजित होने वाली द्विपक्षीय बातचीत के बाद हार्पर मनमोहन सिंह के सम्मान में यह भोज रखेंगे।
अधिकारियों के अनुसार इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, संस्कृति और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कुछ समझौतों पर भी हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इसके अलावा द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर बातचीत भी होगी।
इस शिखर सम्मेलन में अमीर और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के बीच वैश्विक वित्तीय संकट से बाहर निकलने के उपायों पर चर्चा होगी जिसकी वजह से कई देश दीवालिया होने के कगार पर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री 29 जून को स्वदेश लौटेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications