'ख्वाबों में नहीं सोचा था कि बेटी बनेगी प्रधानमंत्री'
सिडनी, 24 जून (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया की पहली महिला प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड के पिता जॉन गिलार्ड ने खुशी जताते हुए कहा है कि उन्होंने कभी ख्वाबों में भी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी एक दिन यह मुकाम हासिल करेगी।
एडिलेड में अपने आवास पर जॉन ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि वह बेटी की इस कामयाबी से बहुत खुश और उत्साहित हैं। समाचार एजेंसी एएपी के अनुसार उन्होंने कहा, "हमने अपने सपनों में भी नहीं सोचा था कि ऐसा कभी मुमकिन होगा। मेरी बेटी गंभीर और बुद्धिजीवी है।"
जॉन ने कहा, "जूलिया ने अब तक जो काम संभाला उसे बड़ी कामयाबी के साथ पूरा किया। वह अद्भुत, मेहनती, जुनूनी और उच्च विचारों वाली है। वह अपने देश के लिए कुछ अच्छा करना चाहती है।"
उल्लेखनीय है कि सत्ताधारी लेबर पार्टी के सांसदों ने गुप्त मतदान के दौरान गिलार्ड को अपना नेता चुना। इसके बाद उन्होंने प्रथम महिला प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
दूसरी ओर वेन स्वान को पार्टी का उप नेता चुना गया और इस तरह से वह अब उप प्रधानमंत्री की भूमिका निर्वहन करेंगे। इसी साल संसदीय चुनाव होने हैं और ऐसे में लेबर पार्टी के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि नवंबर, 2007 में रड की अगुवाई में लेबर पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए 11 साल बाद सत्ता में वापसी की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications