नक्सलियों के बंद के दौरान कई हिंसक घटनाएं
पटना, 15 जून (आईएएनएस)। बिहार में नक्सलियों ने दो दिवसीय बंद के दौरान सोमवार देर रात इस्माइलपुर रेलवे पुलिस स्टेशन, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक शाखा और विशेष सहायता पुलिस के शिविर को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक नक्सलियों ने सोमवार देर रात गया जिले में गया-मुगलसराय रेलखण्ड पर इस्माइलपुर रेलवे स्टेशन पर धावा बोलकर उसे आग के हवाले कर दिया जिससे रेल सेवाएं कई घंटों तक बाधित हुइर्ं। इसका असर राजधानी एक्सप्रेस के अलवा लंबी दूरी की रेल सवाओं पर पड़ा।
गया के एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "नक्सलियों ने सबसे पहले इस्माइलपुर रेलवे स्टेशन पर हमला बोल दिया और रेलवे अधिकारियों को स्टेशन खाली करने के लिए कहा। बाद में उन्होंने रेलवे स्टेशन को आग के हवाले कर दिया। रिकॉर्ड रूम में रखे सारे दस्तावेज नष्ट हो गए।"
अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
एक अधिकारी ने बताया, "जमुई जिले में नक्सलियों ने एसबीआई की खादीग्राम शाखा में आग लगा दी। "
उधर, रोहतास जिले में लगभग 100 नक्सलियों ने एक पुलिस स्टेशन और विशेष सहायता पुलिस के शिविर पर धावा बोल दिया।
रोहतास जिले के पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया, "घंटे भर तक चली मुठभेड़ के बाद चौकस पुलिस अधिकारियों ने नक्सलियों को भागने पर मजबूर कर दिया।"
बंद की वजह से कम से कम नौ रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया जबकि कुछ के मार्गो में परिवर्तन कर दिया गया।
पूर्व-मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बिहार-बरका काना सिंगरौली एक्सप्रेस, बरका काना-पटना एक्सप्रेस, और सिंगरौली-गढ़वा एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पी.के.ठाकुर ने बताया, "सुरक्षाबलों को सतर्क कर दिया गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।"
बंद का असर कुछ ग्रामीण इलाकों में देखा गया जहां सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई। लंबी दूरी के कुछ मार्गो पर बस सेवाएं रोक दी गई हैं।
गौरतलब है कि नक्सलियों ने बिहार, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल में दो दिनों के बंद का ऐलान किया है। नक्सलियों ने अपने दो नेताओं शंभु जी और कमरुद्दीन की गिरफ्तारी के विरोध में बंद का ऐलान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications