मलेशिया में आईपीएफ का नया अध्यक्ष नियुक्त
कुआलालंपुर, 15 जून (आईएएनएस)। मलेशिया में एम. संबानाथन को भारतीय मूल के लोगों के हितों की पैरोकारी करने वाले राजनीतिक दल 'इंडियन प्रोग्रेसिव फ्रंट' (आईपीएफ) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संबानाथन के पक्ष में 326 मत पड़े जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी एम. थिरुमुगम को 216 मत मिले। संबानाथन आईपीएफ के संस्थापक अध्यक्ष एम. जी. पांडिथन और उनकी पत्नी जयश्री पांडिथन के बाद पार्टी की कमान संभालने वाले तीसरे नेता हैं।
स्थानीय समाचार पत्र 'द स्टार' के अनुसार एम. जॉर्ज कुल 414 मत पाकर पार्टी का उपाध्यक्ष चुने गए। काथिर मैदीन, के. नादुचेरा-लाथन, एस. वासु, के. एलुमलाई और जी. पनीरसेल्वम को उपाध्यक्ष चुना गया।
पांडिथन ने वर्ष 2007 में अपने निधन से पहले ही पत्नी जयश्री को अध्यक्ष नियुक्त कर दिया था। बाद में जयश्री के अध्यक्ष होने को 'रजिस्ट्रार ऑफ सोसाइटीज' में चुनौती दी गई और उनकी नियुक्ति अवैध करार दी गई।
आईपीएफ को ऑल मलेशियन इंडियन प्रोग्रेसिव फ्रंट के नाम से भी जाना जाता है। यह पार्टी सत्तारुढ़ गठबंधन 'बैरिसन नैसिनल' का समर्थन करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications