अर्जुन सिंह सहित 6 के खिलाफ परिवाद दायर
भोपाल, 15 जून(आईएएनएस)। भोपाल गैस त्रासदी के 26 साल बाद न्यायालय द्वारा सुनाए गए फैसले के बाद तत्कालीन सरकार और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए परिवाद दायर करने का दौर जारी है। अब तक दायर तीन परिवादों में तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की अपील की गई है।
मुाख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में अधिवक्ता फुरकान खान की ओर से दायर किए गए परिवाद में तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह, उनके बेटे अजय सिंह, तत्कालीन मुख्य सचिव ब्रह्म स्वरूप और हनुमानगंज थाने के तत्कालीन प्रभारी सुरेंद्र सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की अपील की गई है। इस परिवाद पर बयान दर्ज करने के लिए 29 जून की तारीख तय की गई है।
इस परिवाद में वारेन एंडरसन की गिरफ्तारी और उस पर दर्ज धाराओं को नजरअंदाज कर छोड़ने तथा भोपाल से बाहर जाने में मदद करने का हवाला है। इसके लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री व अन्य को जिम्मेदार ठहराते हुए मामला दर्ज करने की आपील की गई है।
इसी तरह गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन के संयोजक अब्दुल जब्बार व शहनवाज की ओर से दायर किए गए परिवाद में तत्कालीन कलेक्टर मोती सिंह व पुलिस अधीक्षक स्वराज पुरी पर आपराधिक मामला दर्ज करने की अपील की गई है। इससे पहले परवेज खान ने भी एक परिवाद दायर किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications