उप्र में शिक्षक की हत्या
प्रतापगढ़, 15 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अज्ञात हमलावरों ने एक सरकारी इंटर कॉलेज के उप-प्रधानाचार्य की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अभी तक हत्यारों का सुराग नहीं जुटा पाई है।
पुलिस के मुताबिक घटना जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के डांडूपुर गांव की है, जहां घर के बाहर सो रहे देवी प्रसाद पांडे (58) की मंगलवार तड़के चाकुओं से गोदने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पांडे सरकारी सहायता प्राप्त बापू इंटर कालेज में उप-प्रधानाचार्य एंव भूगोल के लेक्चरर थे।
लालगंज थाना प्रभारी ए.के.तिवारी ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया, "चार-पांच अज्ञात लोगों ने पहले उप-प्रधानाचार्य पर चाकुओं से वार किया। जब तक उनके चीखने की आवाज सुनकर घर के लोग बाहर आते उससे पहले ही हमलावर उन्हें गोली मारकर फरार हो गये। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।"
तिवारी ने कहा कि फिलहाल हत्या के कारणों और हत्यारों के बारे में पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications