नागालैंड और मणिपुर के मुख्य सचिव दिल्ली तलब
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गृह सचिव जी. के. पिल्लई दोनों राज्यों के शीर्ष अधिकारियों के साथ दिल्ली में मुलाकात करेंगे और आर्थिक नाकेबंदी रोकने की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा करेंगे।
अधिकारी ने कहा, "राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 39 को अनिश्चितकाल के लिए बंद किए रखना गंभीर चिंता की बात है। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम पहले ही दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर चुके हैं ताकि नाकेबंदी खत्म हो।"
उन्होंने कहा, "पिल्लई ने मुख्य सचिवों को आपात बैठक के लिए कल यानी बुधवार को दिल्ली बुलाया है। नाकेबंदी खत्म करने के उपायों पर वह चर्चा करेंगे।" इस नाकेबंदी की वजह से मणिपुर में खाद्य सामग्री और दवाओं का संकट पैदा हो गया है।
कई संगठनों ने बीते 11 अप्रैल से मणिपुर के लिए जीवनरेखा कहे जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 39 को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर रखा है। इन्होंने अलगाववादी नेता टी. मुइवा को अपने जन्मस्थान जाने देने की इजाजत न मिलने के विरोध में यह नाकेबंदी की है।
छात्रों के इस समूह ने घोषाण की है कि वे मंगलवार शाम तक आर्थिक नाकेबंदी समाप्त कर देंगे।
गौरतलब है कि मणिपुर की सरकार ने 75 वर्षीय मुइवा के आने पर यह कहते हुए पाबंदी लगाई थी कि इससे अशांति फैलने का खतरा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications