किर्गिस्तान में भारतीय सुरक्षित, इस हफ्ते स्वदेश लौट सकेंगे (लीड-1)
नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। किर्गिस्तान के हिंसाग्रस्त दक्षिणी हिस्से में फंसे सभी 116 भारतीयों, जिनमें ज्यादातर मेडिकल छात्र हैं, को वहां से सुरक्षित निकालकर किर्गिज राजधानी बिश्केक लाया गया है। सरकार ने मंगलवार को यहां कहा कि हालात सुधरते ही उन्हें भारत लाया जाएगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार दक्षिणी ओश और जलालाबाद शहरों में फंसे भारतीयों को कल रात विमान से राजधानी बिश्केक लाया गया।
मंत्रालय के अनुसार, "उनके अगले कुछ दिनों में स्वदेश लौट आने की संभावना है। बिश्केक में उड़ानों की आवाजाही सामान्य है।"
भारतीय नागरिकों को विमान के जरिए बिश्केक पहुंचाने में भारतीय दूतावास की मदद स्थानीय सरकार ने की।
सूत्रों के अनुसार दूतावास उन छात्रों के पासपोर्ट की व्यवस्था कर रहा है, जिनके पासपोर्ट छूट गए हैं और जिनके वीजा की अवधि खत्म हो गई है, उनके लिए भी वीजा का इंतजाम किया जा रहा है। ये इंतजाम दो दिन के भीतर कर लिए जाएंगे।
इस पूर्व सोवियत गणराज्य में करीब 116 भारतीयों के फंसने की आशंका थी। इनमें से 15 छात्र जलालाबाद और 99 छात्र और एक शिक्षक तथा एक व्यापारी ओश में फंस गए थे।
हाल के दशकों की इस सबसे भीषण जातीय हिंसा में कम से कम 170 लोग मारे जा चुके हैं और 1,685 से ज्यादा घायल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications