पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर मंत्री समूह की बैठक टली
नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। ईंधन की कीमतों को नियंत्रण मुक्त करने के मुद्दे पर शुक्रवार को प्रस्तावित मंत्रियों के आधिकारिक समूह (ईजीओएम) की बैठक टाल दी गई है।
बैठक के लिए नई तारीख का निर्धारण अभी नहीं हुआ है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सरकार के सहयोगी दल डीएमके, तृणमूल कांग्रेस और एनसीपी पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी का विरोध कर रहे हैं इसलिए केंद्र सरकार इस मुद्दे पर राजनीतिक समर्थन हासिल करने के लिए और समय चाहती है।
देश में 10.16 प्रतिशत तक पहुंच चुकी मुद्रास्फीति के चलते पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने से महंगाई और भड़क सकती है।
केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता में सात जून को बुलाई गई मंत्रियों के आधिकारिक समूह की बैठक में किरीट पारिख समिति की पेट्रोल और डीजल के दामों को नियंत्रण मुक्त करने की अनुशंसा पर निर्णय लिया जाना था लेकिन प्रमुख मंत्रियों की गैर मौजूदगी के चलते निर्णय नहीं लिया जा सका था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि परिवहन ईंधन के दाम बाजार के दामों के अनुरूप तय होने चाहिए न कि सरकार की भारी सब्सिडी के आधार पर। रिपोर्ट में रसोई गैस के दामों में 100 रुपये प्रति सिलेंडर और केरोसिन के दाम में 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की अनुशंसा की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications