गैस त्रासदी पर मंत्री समूह की बैठक शुक्रवार को
आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमिटी की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में चिदंबरम ने कहा, "जीओएम की बैठक 18 जून को दोपहर में होगी।"
यह पूछे जाने पर कि क्या इस बैठक में गैस हादसे के आरोपी वारेन एंडरसन को भारत वापस लाने के बारे में भी चर्चा होगी। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "मुझे कोई जानकारी नहीं है। रसायन व ऊर्वरक मंत्रालय इस बैठक में कौन-कौन सी बातें लेकर आता है, हम उसका इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कल तक संबंधित कागजातों को मुहैया कराने का वादा किया है। देखते हैं, वह कौन-कौन से मुद्दे सामने रखते हैं।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को जीओएम को निर्देश दिया था कि अदालत के हाल के फैसले की वजह से बने हालात का जायजा लेने के लिए, सभी संबद्ध मसलों पर उपलब्ध विकल्पों और समाधानों के आकलन के लिए मंत्री समूह फौरन बैठक करे और मंत्रिमंडल को 10 दिन में उसकी रपट सौंपे।
गैस त्रासदी पर जुड़े सभी मसलों पर गौर करने के लिए हाल ही में चिदंबरम की अगुवाई में मंत्री समूह का पुनर्गठन किया गया था।
इसमें केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद, वीरप्पा मोइली, एस. जयपाल रेड्डी, कमल नाथ, शैलेजा, एम.के.अझागिरी, पृथ्वीराज चव्हाण और जयराम रमेश शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications