ज्यादातर हिस्सों में बारिश के आसार (लीड-1)
मौसम विभाग के मुताबिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, अंडमान एवं निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर राज्यों, आंध्रप्रदेश के कुछ इलाकों, तमिलनाडु, विदर्भ, बिहार, झारखण्ड और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश हो सकती है।
वहीं जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी अगले 24 घंटों में बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। गुजरात और मध्यप्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश के आसार हैं।
इधर, राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। देश में सबसे गर्म स्थान झालावाड़ (राजस्थान) रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "जम्मू एवं कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है जिसके चलते दिल्ली में मंगलवार को हल्की बारिश होने की संभावना है।"
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बौछारों ने मौसम सुहाना बना दिया है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है और हवाएं राहत देने वाली हो गई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बादलों ने अपना असर दिखाया है। कहीं बौछारों तो कहीं तेज बारिश ने मौसम में बदलाव ला दिया है। लू और गर्म हवाओं से झुलस रहे लोगों को बौछारों ने काफी राहत दी है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस में गिरावट आई जिससे राज्य का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब पर पहुंच गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 24 घंटों में बादल अपना असर दिखा सकते हैं। यह हलचल मानसून के पूर्व की है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य में सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान उरई राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक था।
इसके अलावा झांसी का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री, इलाहाबाद का 41.8 डिग्री, आगरा का 42.2 डिग्री, वाराणसी का 42.3 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वाचल में तेज आंधी के साथ बारिश के आसार व्यक्त किये हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications