किर्गिस्तान से 136 पाकिस्तानी छात्र स्वदेश पहुंचे
इस्लामाबाद, 15 जून (आईएएनएस)। किर्गिस्तान के ओश और जलालाबाद शहरों में फैली जातीय हिंसा में फंसे 136 छात्रों को सैन्य विमान से मंगलवार को सुरक्षित स्वदेश लाया गया। वहां फंसे अन्य लोगों को निकालने के लिए दूसरा विमान यहां से रवाना हो चुका है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक रावलपिंडी स्थित सैन्य हवाई अड्डे पर छात्रों की अगवानी के लिए पहुंचे पाकिस्तान के सूचना मंत्री कमर-उज-जमां कायरा ने कहा कि सरकार किर्गिस्तान के ओश और जलालाबाद शहरों में फंसे सभी छात्रों को लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी। दोनों शहरों में फैली जातीय हिंसा में 124 लोग मारे जा चुके हैं।
हवाई अड्डे पर उतरने वाले कई छात्रों ने संवाददाताओं को बताया कि वे जिंदा वापस लौटने की उम्मीद नहीं कर रहे थे।
एक छात्रा ने कहा, "हवाई अड्डे जाते समय भी बंदूकधारियों ने हमारी बस पर गोलीबारी की थी।"
खबरों के मुताबिक ओश में फैली हिंसा के दौरान एक पाकिस्तानी छात्र की मौत हो गई थी जबकि वहां पर 100 से अधिक लोग अभी भी फंसे हुए हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बसीत ने बताया कि सेना का एक विमान वहां फंसे 100 से ज्यादा छात्रों को मंगलवार शाम तक लेकर स्वदेश लौटेगा।
राष्ट्रीय आपदा शाखा के महानिदेशक नदीम अहमद ने बताया कि दूसरे विमान में जातीय हिंसा में फंसे लोगों के लिए दवाइयां और खाद्य सामग्री भी भेजी गई है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने सोमवार को संसद में बताया था कि किर्गिस्तान में हिंसा में प्रभावित हुए लोगों के लिए मानवीय सहायता भेजी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications