दस नैटो सैनिकों की मौत

अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा सहयोग बल के लिए पिछले कई महीनों में यह सबसे ख़तरनाक दिन रहा जब उसके दस सैनिक अलग अलग घटनाओं में मारे गए हैं. अमरीका का कहना है कि पूर्वी अफ़गानिस्तान में एक बम विस्फोट में उसके पाँच सैनिकों की मौत हो गई है.
उधर देश के दक्षिणी हिस्से में नैटो सैनिकों पर हुए हमलों में पाँच और सैनिकों की मौत हो गई. तालिबान लड़ाके अफ़गानिस्तान में अमरीका समर्थित सरकार का लगातार विरोध करते रहे हैं.
इस समय अफ़गानिस्तान में क़रीब 94 हज़ार अमरीकी सैनिक हैं और यह संख्या आने वाले दिनों में बढ़कर एक लाख तक हो सकती है. अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अफ़गानिस्तान में सैनिकों की संख्या बढ़ाने की घोषणा भी की है.
उधर नैटो देशों के क़रीब 47 हज़ार सैनिक भी अफ़गानिस्तान में हैं. ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि सोमवार को हुए हमलों में उनका कोई सैनिक नहीं मारा गया है.












Click it and Unblock the Notifications