चीन में बच्चों को चाकू घोंपने वाले को मृत्युदंड
नेंझियांग (चीन), 30 मई (आईएएनएस)। चीन के पूर्वी जियांग्शू प्रांत में पिछले महीने एक स्कूल के 29 बच्चों और तीन शिक्षकों पर चाकू से हमला करने वाले व्यक्ति को रविवार सुबह मृत्युदंड दे दिया गया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार 47 वर्षीय सू युयुआन को सुबह 9.39 बजे मौत के घाट उतार दिया गया। उसे गत 29 अप्रैल को एक स्कूल में दाखिल होकर बच्चों और शिक्षकों पर चाकू से हमला करने का दोषी पाया गया। उनमें से चार को गंभीर चोटे आई थीं।
युयुआन ने अपना जुर्म कबूलते हुए कहा था कि उसने कारोबार तथा जूए में सारी दौलत हार जाने तथा निजी जीवन में पहुंचे और बहुत से नुकसानों के बाद समाज से बदला लेने के इरादे से इस घटना को अंजाम दिया।
उसे गत 15 मई को सजा-ए मौत सुनाई गई थी और सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस सजा की पुष्टि कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications