राजद सांसद की वजह से राष्ट्रपति का विमान देर से उड़ा
बीजिंग। चीन की यात्रा पर पहुंची राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील के विशेष विमान ने बीजिंग से ल्यूलोंग के लिए 20 मिनट देरी से उड़ान भरी। यह देरी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद रघुवंश प्रसाद सिंह के देरी से पहुंचने की वजह से हुआ। हालांकि सिंह ने इस देरी के लिए कुप्रबंधन को दोषी ठहराया।
राष्ट्रपति के विशेष विमान को सुबह नौ बजे उड़ान भरनी थी लेकिन इसमें 20 मिनट की देरी हुई। प्रसाद ने कहा, "वहां भ्रम और कुप्रबंधन की स्थिति थी। इसीलिए मुझे देरी हुई और मैं राष्ट्रपति को हवाई अड्डे तक ले जाने वाले काफिले का हिस्सा नहीं बन सका।" पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा, "मुझे विमान में सवार होने के समय के बारे में सूचित नहीं किया गया और मैं लिफ्ट और कमरे की इलेक्ट्रॉनिक चाबी इस्तेमाल नहीं कर सका।"
अधिकारियों ने बताया कि विशेष विमान के समय पर उड़ान न भर पाने की वजह से यहां अन्य उड़ानों पर भी इसका भरपूर असर पड़ा। राष्ट्रपति की छह दिवसीय चीन यात्रा 31 मई को संपन्न हो रही है। ल्यूलांग में राष्ट्रपति भारत के सांची स्तूप की शैली पर बने मंदिर को चीन की जनता को समर्पित करेंगी।













Click it and Unblock the Notifications