हैंडपंपों का पानी पीने पर प्रतिबंध
अलीगढ़, 25 मई (आईएएनएस)। जिले में डायरिया व संक्रामक रोगों के फैलाव के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने कम गहराई वाले घरेलू हैंडपंपों का पानी पीने पर प्रतिबंध लगा दिया है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि प्रदूषण व संक्रमण से बचने के लिए इंडिया मार्का (2) हैंडपंप का पानी ही उपयोग में लाएं।
अलीगढ़ के ग्रामीण अंचल में एक माह से डायरिया व संक्रामक रोगों का प्रकोप जारी है। 15 दिनों के दौरान दूषित पेयजल, आइसक्रीम व चाट खाने से 10 बच्चों सहित 15 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
ग्रामीण अंचल में मृतकों की संख्या 22 तक पहुंच गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इन सभी मौतों को सिरे से नकार रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बागबामती गांव में दो बच्चों की मौत दूषित पानी पीने से हुई। यह पानी घरेलू हैंडपंप से लिया गया था। पानी के नमूने लेने के बाद जिला प्रशासन ने वहां दो इंडिया मार्का हैंडपंप लगवा दिए हैं।
जिला अस्पताल के सी.एम.एस. डॉ. बालकिशन का कहना है कि प्रतिदिन 40-50 मरीज डायरिया के आ रहे हैं। लेकिन यहीं पर अलीगढ़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाकांत गुप्ता ने बताया कि पूरे जनपद में कहीं भी डायरिया व संक्रामक रोंगों का प्रकोप नहीं है। दो मौतों के अलावा अन्य मौतें दूसरे कारणों से हुई हैं। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से आइसक्रीम, कुल्फी के चार विक्रे ताओं के यहां छापेमारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन 9411229988 व 9411488715 शुरू की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications