भारतीय मूल की कमला बनीं त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री
पोर्ट ऑफ स्पेन, 25 मई (आईएएनएस)। भारतीय मूल की कमला प्रसाद बिसेसार त्रिनिदाद एवं टोबैगो की पहली महिला प्रधानमंत्री चुनी गई हैं।
कमला के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाले राजनीतिक गठबंधन ने भारी बहुमत के साथ सत्तारूढ़ पार्टी के 43 वर्ष के शासन को खत्म किया है।
कमला की पीपुल्स पार्टनरशिप पार्टी ने सोमवार को हुए मतदान में 41 में से 29 संसदीय सीटों पर कब्जा किया। कमला को मंगलवार को राष्ट्रपति जार्ज मैक्सवेल रिचर्ड्स प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।
कमला दो बच्चों की दादी और ईश्वर में अपार विश्वास रखने वाली हिंदू महिला हैं। अपनी इस शानदार उपलब्धि पर उन्होंने कहा, "मैं देश की महिलाओं का धन्यवाद करती हूं। उनके समर्थन और सहयोग के बगैर हम इतनी बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकते थे। मैं उनके माध्यम से ही इस जीत का जश्न मनाना चाहती हूं।"
कमला ने मौजूदा प्रधानमंत्री पैर्टिक मैनिंग को पदच्युत किया है। मैनिंग 2002 से प्रधानमंत्री हैं जबकि उनकी पार्टी चार दशक से भी अधिक समय से शासन में है।
कमला एक शिक्षित महिला हैं। उन्होंने लॉ-स्कूल में टॉप करने के साथ-साथ वेस्टइंडीज विश्वविद्यालय से प्रबंधन किया है। इसके अलावा वह शिक्षा के क्षेत्र में डिप्लोमा भी कर चुकी हैं। वह देश में कई प्रमुख पदों पर काम कर चुकी हैं।
कमला के पूर्वज उन 148,000 भारतीय श्रमिकों में से एक रहे हैं, जो 1845 से 1917 के बीच कैरेबियाई द्वीपों पर गन्ने और कोकोआ के खेतों में काम करने के लिए लाए गए थे। त्रिनिदाद एवं टोबैगो की जनसंख्या 13 लाख है, जिसकी 44 फीसदी आबादी भारतीय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications