कांग्रेस के लापता नेता की हत्या
धार। मध्य प्रदेश के धार जिले से चार दिन पहले लापता हुए कांग्रेस नेता कैलाश अग्रवाल और उनके ड्राइवर की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में नारायण सिंह नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
कैलाश अग्रवाल और उनका ड्राइवर दिनेश शुक्रवार से लापता थे। तलाशी के दौरान अग्रवाल की स्कार्पियो देवास-भोपाल मार्ग पर जली हुई हालत में मिली थी। उसी के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया था। इसी दौरान कडोला निवासी नारायण सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिसने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया है।
धार के पुलिस अधीक्षक राकेश गुप्ता ने बताया कि नारायण द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक खेत से शवों के अवशेष बरामद किए हैं। पुलिस से पूछताछ के दौरान नारायण ने बताया कि उस पर दर्ज एक मामले मे कैलाश अग्रवाल ने गवाही दी थी और उसी का बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस नारायण के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।













Click it and Unblock the Notifications