नक्सल विरोधी नीति की समीक्षा की जरूरत : चिदंबरम
नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों द्वारा किए गए हमले की निंदा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने सोमवार शाम को कहा कि वह सीमित जनादेश पर चल रहे हैं और सरकार को नक्सल विरोधी नीति की समीक्षा करने की जरूरत है।
समाचार चैनल एनडीटीवी को दिए एक साक्षात्कार में चिदंबरम ने कहा, "मैं कैबिनेट के सीमित जनादेश का क्रियान्वयन कर रहा हूं। हमें कैबिनेट में फिर से जाने और जनादेश की समीक्षा करने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा कि उनका और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का इस समस्या से निपटने के बारे में सोच एक समान है।
चिदंबरम ने कहा, "एक घंटा पहले मैं प्रधानमंत्री के साथ था और उन्होंने संकेत दिया कि वह शीघ्र ही सुरक्षा मामलों के कैबिनेट की बैठक बुलाएंगे।"
गृह मंत्री का यह बयान उस समय आया है जब नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सोमवार शाम को विस्फोट कर एक यात्री बस को उड़ा दिया। इस घटना में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने वामपंथी विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई में हवाई सहयोग की मांग की है।
चिदंबरम ने कहा कि नक्सली सुरक्षा बलों और आम नागरिकों में कोई भेद नहीं करते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications