नेपाल सरकार ने फिर शुरू की पासपोर्ट करार की प्रक्रिया
काठमांडू, 17 मई (आईएएनएस)। नेपाल सरकार ने नए पासपोर्ट खरीदने के लिए करार की प्रक्रिया सोमवार को फिर शुरू कर दी। इसके पहले एक भारतीय कंपनी को दिया गया ठेका नेपाली सांसदों के विरोध के कारण रद्द करना पड़ा था।
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभूति छपाई कंपनियों से लगभग 40 लाख आधुनिक नेपाली पासपोर्ट छापने के लिए निविदा आमंत्रित किया है। यह पासपोर्ट पहले के हस्तलिखित पासपोर्ट की जगह मशीन द्वारा छपा होगा।
होलोग्राफ के साथ 32 पृष्ठों का यह दस्तावेज फर्जीवाड़े को रोकेगा। इसकी एक प्रति पर छह से सात डॉलर की लागत आने का अनुमान है।
निविदा पत्र में कई बदलाव किए गए हैं। इसमें पड़ोसी देशों की कंपनियों को निविदा भरने से प्रतिबंधित नहीं किया गया है। इससे भारत और चीन, दोनों देश इस प्रतिस्पर्धा में शामिल हो सकते हैं।
दूसरा बड़ा बदलाव योग्यता मापदंड में किया गया है।
इसके पहले निविदा भरने वाली कंपनी के पास चार देशों के लिए पासपोर्ट छाप चुके होने का अनुभव होना तथा एक करोड़ 80 लाख डॉलर के कारोबार का होना जरूरी था। अब निविदा भरने वाली कंपनियों के लिए योग्यता के रूप में केवल दो देशों के लिए पासपोर्ट छाप चुके होने तथा एक करोड़ 30 लाख डॉलर का कारोबार दिखाने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications