आंध्र के तटीय इलाकों में चक्रवात का खतरा
तटीय आंध्र प्रदेश में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और मछुआरों को कहा गया है कि वे समुद्र में न जाएं।
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि तटीय आंध्र प्रदेश में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ व्यापक तौर पर बारिश हो सकती है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक दबाव बना हुआ है जो विशाखापत्तनम के दक्षिण पूर्व में लगभग 1,000 किलोमीटर दूर स्थित है। यह स्थिति एक चक्रवाती तूफान के रूप में बदल सकती है और उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ सकती है।
इस स्थिति की चपेट में आने वाले आंध्र के तटीय इलाकों में 19 मई को व्यापक बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सभी नौ तटीय जिलों में प्रशासन ने अलर्ट घोषित कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां जिला कलेक्टरों के साथ स्थिति की समीक्षा की है और किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का उन्हें निर्देश दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications