76 वर्ष का दूल्हा, दुल्हन 65 साल की !
अक्षय तृतीया के दिन देश के साथ मध्य प्रदेश में भी विवाह समारोहों का जोर था। वहीं सागर जिले के खुरई में एक अनोखी शादी हुई, जिसमें दूल्हा बने 76 साल के लल्ली अहिरवार और दुल्हन बनी 65 वर्षीय भागबाई। दोनों के ही जीवन साथी काफी समय पहले उनका साथ छोड़ चुके हैं और उनके बेटे और नाती तक है, परंतु वे पिछले कुछ वर्षो से अकेलापन महसूस कर रहे थे।
लल्ली और भागबाई की प्रेम कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। वे बताते हैं कि भागबाई मजदूरी करती है और वह उनके गांव रजवास में काम के सिलसिले में आई थी। दोनों का आमना-सामना हुआ और फिर एक दिन दोनों की मुहब्बत की गाड़ी चल पड़ी। दोनों साथ रहना चाहते थे मगर उनकी यह इच्छा बच्चों को नागवार गुजरी। परिवार का सहयोग न मिलने के कारण दोनों की यह इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। आखिरकार कुछ समाजसेवी आगे आएं।उन्होंने दोनों बुजुर्गो का घर बसाने की कोशिश शुरू कर दी और अक्षय तृतीया के दिन उनकी यह कोशिश अंतत: रंग लाई।
खुरई में दोनों की पूरे वैदिक रीति रिवाज के मुताबिक शादी करा दी गई। लल्ली जहां धोती-कमीज के साथ साफा बांधे थे वहीं भाग बाई लाल रंग की साड़ी में दुल्हन बनी थी। इस विवाह समारोह में बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए, मगर बुजुर्ग दूल्हा-दुल्हन के परिवार के सदस्य नहीं पहुंचे। दोनो शादी के बाद खुश हैं और शेष जीवन खुशहाल व साथ-साथ गुजारना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications