तेल कंपनियों पर बरसे बराक ओबामा

संसदीय जाँच के दौरान तेल कंपनियों के अधिकारियों ने तेल रिसाव की त्रासदी के लिए जिस तरह से एक दूसरे पर आरोप मढ़ने की कोशिश की उसने एक बेहूदा नज़ारा पेश किया. व्हाइट हाउस में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने कहा कि तेल का रिसाव रोकने के लिए जो भी क़दम आवश्यक होंगे, उठाए जाएंगे. विशेषज्ञों से चर्चा करने के बाद उन्होंने कहा कि इस तरह की त्रासदी को टालने के सभी उपाय बुरी तरह से विफल हुए हैं.
राष्ट्रपति ओबामा ने कहा कि नियमकों ने कई बार सुरक्षित उपाय अपनाने के तेल कंपनियों के वादे पर भरोसा करके ही कई बार तेल के कुँए खोदने की अनुमति दे दी. उनका कहना था कि इसके बाद से नियम होगा, "भरोसा करो लेकिन जाँच भी करो." उन्होंने कहा, "मैं इस बात को समझता हूँ कि इस मामले से क़ानूनी और आर्थिक मुद्दे जुड़े हुए हैं और विस्तृत जाँच से ही पता चलेगा कि क्या ग़लत हुआ लेकिन एक बात एकदम साफ़ है कि सिस्टम फ़ेल हो गया और बुरी तरह से फ़ेल हो गया."
बराक ओबामा ने कहा, "इसके लिए ज़िम्मेदारी तो तय करनी ही होगी और सभी पक्षों को ज़िम्मेदारी स्वीकार करने के लिए तैयार भी रहना चाहिए, जिसमें संघीय सरकार भी शामिल है." उल्लेखनीय है कि मैक्सिको की खाड़ी में गत 20 अप्रैल को एक तेल के कुँए में विस्फोट हो गया था, जिसमें 11 लोगों की जानें गई थीं. इसके बाद से वहाँ लगातार तेल निकल रहा है और प्रतिदिन हज़ारों बैरल तेल समुद्र की सतह पर फैल रहा है. इससे निपटने के लिए तरह-तरह के उपाय किए जा रहे हैं.












Click it and Unblock the Notifications