7 प्रतिशत से अधिक आर्थिक वृद्धि का अनुमान
नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अनुसार देश के व्यापारी समुदाय का भरोसा बढ़ा है और अधिकांश कंपनियों को सात प्रतिशत से अधिक वृद्धि की उम्मीद है।
सीआईआई के एक सर्वेक्षण के अनुसार अप्रैल-सितंबर 2010-11 के लिए व्यापार विश्वास सूचकांक 1.5 अंक बढ़कर 67.6 है।
सर्वेक्षण में जिन 458 कंपनियों को शामिल किया गया उनमें से 60 प्रतिशत का मानना है कि वर्ष 2010-11 के दौरान सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि की दर 7.5 से 8.5 प्रतिशत के बीच रहेगी और 28 प्रतिशत को उम्मीद है कि वृद्धि दर 8 से 8.5 प्रतिशत रहेगी।
करीब 90 प्रतिशत प्रतिभागियों का मानना है कि वर्ष 2010-11 में महंगाई की दर पांच प्रतिशत से ऊपर रहेगी जबकि 26 प्रतिशत का मानना है कि यह आठ प्रतिशत के ऊपर होगी।
सर्वेक्षण के अनुसार महंगाई को दोहरे अंकों की ओर बढ़ते देखकर व्यापारी समुदाय की सबसे बढ़ी चिंता मुद्रास्फीति दर में वृद्धि ही है।
सर्वेक्षण के अनुसार 79 प्रतिशत प्रतिभागियों को अगले छह महीने में उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है।
उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद नए आर्डर मिलने की संभावना पर आधारित है। करीब 81 प्रतिशत प्रतिभागियों का मानना है कि अगले छह महीनों में नए आर्डर बढ़ेंगे। करीब 62 प्रतिशत प्रतिभागियों ने बताया कि वर्ष 2009-10 की दूसरी छमाही में नए आर्डर बढ़े थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications