उत्तर भारत में पारा गिरा, बारिश के आसार (लीड-1)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आगामी 24 घंटों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश के आसार जताए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान का बाड़मेर इलाका सबसे गर्म रहा। वहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह मौसम सुहावना रहा। आईएमडी के अनुसार रविवार शाम तक दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार को बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में आई गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार हैं। भोपाल स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। भोपाल में 35.8, इंदौर मे 39, ग्वालियर में 39.7 और जबलपुर मे 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आने वाले 24 घंटों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
जम्मू एवं कश्मीर में भी अगले 48 घंटों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पहाड़ी राज्यों उत्तराखण्ड और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
उधर, दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक और लक्ष्यद्वीप में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के राज्यों सहित पश्चिम बंगाल, झारखण्ड और बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, मध्य और उससे सटे उत्तर के मैदानी भागों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। इसके अलावा दो से तीन दिनों तक लू न चलने की संभावना जाहिर की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*