राजधानी में मौसम सुहावना, तापमान सामान्य रहने के आसार (लीड-1)
राजधानी में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आंधी के साथ हुई बूंदा बांदी ने मौसम को सुहावना बना दिया है। राजधानी में रविवार सुबह अधिकतम तापमान लुढ़क कर 36.7 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।
इसके अलावा राजधानी में इस महीने तापमान के सामान्य रहने के आसार जताए गए हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से दो डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्दता 72 फीसदी दर्ज की गई।"
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दिल्ली में हल्की बारिश और सुहावने मौसम के साथ शुरू हुआ मई महीना अप्रैल की तुलना में कम गर्म रहेगा। मई महीने में तापमान सामान्य रहेगा।
एक अधिकारी ने बताया, "पश्चिमी विक्षोभ कमजोर बना रहेगा और औसत तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे मामूली ऊपर रहेगा।"
दिल्ली के कुछ हिस्सों में अप्रैल महीने की शुरुआत में प्रचंड गर्मी ने पहले के रिकार्ड को तोड़ दिए। गत 17 अप्रैल को गर्मी ने पिछले 52 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया। अप्रैल में भीषण गर्मी की वजह से अधिकमत तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि 19 अप्रैल को ओलावृष्टि के साथ छिटपुट बारिश हुई थी।
आईएमडी के निदेशक बी. पी. यादव ने आईएएनएस को बताया, "पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली के स्थानीय मौसम प्रणाली में जरूर नरमी आएगी।"
अधिकारी ने बताया, "दिल्ली में हर साल पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मई महीने में इस तरह के छह से सात दिन आते हैं, लेकिन इसके कारण मौसम में केवल कुछ ही दिन नरमी रहती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications