नगा नेता मुइवा को प्रवेश की अनुमति नहीं देगा मणिपुर
मणिपुर के पुलिस महानिदेशक वाई.जोयकुमार सिंह ने आईएएनएस से कहा, "राज्य सरकार के फैसले को ध्यान में रखकर हम मुइवा को राज्य के दौरे की अनुमति नहीं देंगे।"
नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड-मुइवा गुट (एनएससीएन-आईएम) के महासचिव मुइवा ने उत्तरी मणिपुर के उखरुल जिले के अपने गांव सोमदाल के दौरे का कार्यक्रम बनाया था। उखरुल जिला मुख्यालय पर आठ मई को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी उनके हिस्सा लेने की योजना थी।
मुइवा (75 वर्ष) ने अंतिम बार 1960 में अपने पैतृक गांव का दौरा किया था।
राज्य पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मुइवा के दौरे से राज्य में जातीय तनाव बढ़ने का खतरा है। उन्होंने स्वीकार किया कि इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मुइवा के मणिपुर दौरे के लिए सुरक्षा बंदोबस्त करने के लिए कहा था।
मुख्यमंत्री ओ.इबोबी सिंह के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल ने बहरहाल मुइवा को राज्य के दौरे की इजाजत नहीं देने का फैसला किया।
मणिपुर के खेल और युवा मामलों के मंत्री और सरकार के प्रवक्ता एन.बीरेन ने शनिवार रात को संवाददाताओं से कहा, "हमने अपने फैसले से प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को भी अवगत करा दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications