नेपाली प्रधानमंत्री से पार्टी सदस्यों ने पद छोड़ने को कहा
नेपाल की एकीकृत कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (यूएमएल) के 16 पदाधिकारियों ने पार्टी प्रमुख झलनाथ खनल को एक याचिका देकर गठबंधन सरकार से हटने को कहा है। इन लोगों में पूर्व विदेश मंत्री सहना प्रधान भी शामिल हैं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि राजशाही समर्थक, विदेशी और प्रतिगामी ताकतें अपने गलत फैसलों के लिए पार्टी का दुरुपयोग कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि 28 मई तक नया संविधान बनाने और शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए देश को इस समय बड़ी राजनीतिक ताकतों के बीच समझौते की आवश्यकता है, वहीं शनिवार को राष्ट्र को संबोधित करने के दौरान प्रधानमंत्री ने सुलह का उल्लेख नहीं किया।
इन नेताओं ने कहा कि इसके बजाय माओवादी पार्टी और सत्तारूढ़ दलों के बीच खाई चौड़ी हुई है।
सरकार से हटने के आंदोलन की अगुवाई असंतुष्ट पार्टी नेता बामदेव गौतम कर रहे हैं, जो माओवादियों के नजदीकी माने जाते हैं।
प्रधानमंत्री की ही पार्टी के सांसदों ने पिछले हफ्ते सरकार से हटने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया था लेकिन बाद में इसे रोक दिया गया।
बहरहाल प्रधानमंत्री ने इस्तीफा देने से इंकार कर दिया और कहा कि उनकी सरकार को 601 सदस्यीय संसद में दो-तिहाई समर्थन हासिल है और माओवादियों को चुनौती दी कि वे उनको संवैधानिक तरीके से पद से हटा कर दिखाएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications