उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में तापमान में कमी
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में गुरुवार को तापमान में कमी दर्ज की गई। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में लोगों को गर्मी की तपिस से थोड़ी राहत जरूर मिली है, हालांकि दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में धूल का धुंध छाया हुआ है।
उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड और उड़ीसा में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं जारी हैं। जमशेदपुर और उड़ीसा के संभलपुर जिले में गुरुवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
दिल्ली में प्रचंड गर्मी में मामूली कमी आई है। राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा देश के तीन अन्य महानगरों मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में गुरुवार को अधिकातम तापमान क्रमश: 34, 37.9 और 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं लखनऊ, पटना, और भोपाल में अधिकतम तापमान 42.8, 42.9 और 40 डिग्री दर्ज किया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैण्ड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश के संकेत दिए हैं। जम्मू एवं कश्मीर में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में गरज के साथ छीटें पड़ने के आसार जताए जा रहे हैं।
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश कर्नाटक, केरल के अलावा झारखण्ड, बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, तेलंगाना में भी बूंदाबादी हो सकती है।
उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के कई भागों में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में मामूली कमी आने की उम्मीद है। देश के बाकी हिस्सों में झुलसाती गर्मी बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के राज्यों में आगामी 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की है।
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।












Click it and Unblock the Notifications