चीन के बांध से ब्रह्मपुत्र पर प्रभाव नहीं : कृष्णा (लीड-2)
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने गुरुवार को संसद में कहा कि चीन ने भारत को आश्वस्त किया है कि बिजली पैदा करने के लिए तिब्बत में सांगपो नदी पर निर्माणाधीन बांध से ब्रह्मपुत्र का प्रवाह प्रभावित नहीं होगा।
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान कृष्णा ने कहा, "यह सही है कि मेरी बीजिंग यात्रा के दौरान यह मामला उठा था। चीन के विदेश मंत्री ने मुझे आश्वस्त किया कि बांध के बनने से पानी की कोई कमी नहीं होगी और इससे ब्रह्मपुत्र के प्रवाह पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रविशंकर प्रसाद के एक पूरक प्रश्न के जवाब में कृष्णा ने यह जानकारी दी। प्रसाद ने चीन के बांध से भारत पर पड़ने वाले प्रभाव पर सवाल उठाया था क्योंकि चीन के साथ भारत का कोई जल बंटवारा समझौता नहीं है।
प्रसाद ने उनके जवाब पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए इस मुद्दे पर चर्चा कराए जाने की मांग की।
प्रसाद ने कहा, "उन्होंने स्वीकार किया कि चीन एक बांध बना रहा है। हमें इस एक चर्चा करानी चाहिए।"
कृष्णा ने कहा कि दोनों देशों के विशेषज्ञों की एक बैठक 26-29 अप्रैल को होगी। इसमें सीमा के आर-पार बहने वाली सभी नदियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
सांगपो पर बने बांध का आकार यांगत्जी नदी पर बने थ्री गोर्जेस बांध से बड़ा होगा। अनुमान है कि सांगपो पर बने बांध से 40,000 मेगावॉट बिजली पैदा की जा सकेगी। यह थ्री गार्जेज बांध से पैदा बिजली का दोगुना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications