हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई करे पाक : भारत
सरकार ने जोर दिया कि वार्ता का दरवाजा कभी बंद नहीं था और यह आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कदम पर निर्भर है।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने राज्यसभा में कहा, "दोनों देशों के विदेश सचिवों की 25 फरवरी को नई दिल्ली में हुई मुलाकात सहित सरकार ने पाकिस्तान से हाफिज सईद सहित मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ जिम्मेदाराना और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करने का बार-बार आग्रह किया है।"
कृष्णा ने संसद को बताया कि भारत ने पाकिस्तान से स्पष्ट कर दिया है कि जमात-उद-दावा जैसे संगठनों और हाफिज सईद सहित उनके नेताओं की भारत विरोधी गतिविधियों को प्रतिबंधित करने के लिए वह प्रभावी कार्रवाई करे।
कृष्णा ने कहा कि वे खुलेआम हिंसा और भारत विरोधी आतंकवादी गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं।
समग्र वार्ता दोबारा शुरू करने को आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई से जोड़ते हुए कृष्णा ने जोर दिया कि पाकिस्तान से वार्ता के दरवाजे कभी बंद नहीं रहे लेकिन उसके साथ कोई भी सार्थक वार्ता केवल आतंकवाद मुक्त या आतंकवाद के खतरे से मुक्त वातावरण में ही हो सकती है।
अपने क्षेत्र से भारत विरोधी गतिविधियां नहीं संचालित होने देने के पाकिस्तान के जनवरी 2004 के आश्वासन का उल्लेख करते हुए कृष्णा ने कहा कि भारत बार-बार कह चुका है कि पाकिस्तान को इस वादे को पूरा करने की आवश्यकता है।
विदेशी मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने मुंबई हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
भूटान की राजधानी थिम्पू में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की संभावित मुलाकात से एक हफ्ते पहले कृष्णा ने संसद में यह टिप्पणी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications