आतंकी हमले की चेतावनी में अमेरिका की विशिष्ट चिंताएं
विदेश विभाग के प्रवक्ता पी.जे. क्राउली ने बुधवार को कहा कि नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास द्वारा अपने नागरिकों को जारी सुरक्षा सलाह एक विवेकपूर्ण चेतावनी है। उन्होंने इस संबंध में कोई ब्योरा नहीं दिया।
उन्होंने कहा, "वहां कुछ विशेष चिंताएं हैं लेकिन मैं उनको सार्वजनिक नहीं कर सकता।"
उन्होंने कहा कि सुरक्षा चेतावनी हमारे नागरिकों को केवल बढ़ते आतंकवाद से सतर्क करने के लिए है और इससे भारतीय और अमेरिकी दोनों नागरिक प्रभावित हो सकते हैं।
क्राउली ने कहा, "हमें इसका ध्यान रखना है कि मुंबई पर आतंकवादी हमले में अमेरिकी, भारतीय और अन्य देशों के नागरिकों की मौत हुई।"
उन्होंने कहा, "इसलिए हमारे नागरिकों के लिए यह केवल एक विवेकपूर्ण चेतावनी है क्योंकि वे वहां अपना काम जारी रखे हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या बेंगलुरू में 50 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक बरामद किए जाने से चेतावनी का कोई संबंध है, क्राउली ने कहा, "इस बारे में मैं और कोई ब्योरा नहीं दे सकता। यह भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और अमेरिका के लिए एक साझा चुनौती है। हम हमलों के बारे में चिंतित हैं जिनसे लोग प्रभावित हो सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications