राजकीय सम्मान के साथ होगा समारांच का अंतिम संस्कार
समाचार पत्र 'द गार्जियन' के मुताबिक स्पेन के काटालान प्रांत की सरकार ने कहा है कि समारांच का अंतिम सरकार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। समारांच का बुधवार को निधन हो गया था। 89 वर्षीय समारांच लंबे समय से बीमार थे।
स्पेन के राज परिवार के प्रमुख जुआन कार्लोस और उनकी पत्नी सोफिया इस महान खेल प्रशासक के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेंगे। राजपरिवार ने समारांच के परिवार को भेजे गए अपने शोक संदेश में कहा है कि स्पेन, काटालान और ओलंपिक आंदोलन ने अपना एक महान सपूत खो दिया है।
समारांच ओलंपिक समिति के अध्यक्ष पद पर सबसे लंबे समय तक काम करने वाले व्यक्ति थे। समारांच 1980 में इस पद पर आसीन हुए थे और 2001 तक इस पद की शोभा बढ़ाते रहे थे।
खेलों के महान प्रशंसक और प्रोत्साहक समारांच को मुख्य रूप से ओलंपिक खेलों को व्यवसायिक बनाने के लिए याद किया जाएगा। आईओसी के मौजूदा अध्यक्ष जैक्स रॉग ने कहा कि समारांच उनके पिता सरीखे थे और उनकी मृत्यु से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर नुकसान हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications