त्रिपुरा में चक्रवाती तूफान से 4 की मौत
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात में मानसून पूर्व तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ हुई मूसलाधार बारिश की वजह से 2,000 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए। पश्चिमी और दक्षिणी त्रिपुरा में भारी संख्या में मवेशी भी मारे गए हैं।
राहत विभाग के एक अधिकारी ने पत्रकारों से कहा,"तूफान से उत्तरी, पश्चिमी और दक्षिणी त्रिपुरा बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इसमें अधिकांश लोगों ने अपने सामान और मवेशी खो दिए हैं।"
उन्होंने ने बताया कि पश्चिमी त्रिपुरा के तेलियामुरा और खोवई इलाके में घर गिरने और छत पर पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक 14 वर्षीय लड़की सहित चार लोगों की मौत हो गई।
तेज तूफान में सैकड़ों पेड़, टेलिफोन और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं और गुरुवार को यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।
अधिकारी ने बताया,"नागरिक सुरक्षा कर्मचारी लोगों को राहत पहुंचाने के काम में जुटे हुए हैं। संचार और ऊर्जा विभाग के कर्मी बिजली व सूचना व्यवस्था बहाल करने के लिए लगे हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications