पंजाब में पाक से दो रॉकेट दागे गए (लीड-1)
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के उप महानिरीक्षक जागीर सिंह ने आईएएनएस से कहा कि रविवार रात गुरदासपुर जिले के भामियल सेक्टर में रॉकेट से हमला किया गया। उसके बाद दोनों पक्षों में स्वचालित हथियारों से गोलीबारी हुई।
सिंह ने कहा, "पाकिस्तान की ओर से रविवार रात दो रॉकेट दागे गए। उसके बाद भारतीय क्षेत्र में गोलीबारी की गई। पाकिस्तान की ओर से राइफल द्वारा गोलीबारी एक लंबे समय बाद की गई है।"
सिंह ने कहा, "हमारे जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। हमने लगभग 800-900 राउंड गोलियां चलाईं। अतीत में भी पाकिस्तान की ओर से रॉकेट हमले किए गए थे, लेकिन अभी तक पाकिस्तान ने दोषियों के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई नहीं की है और न तो उनकी जांच में कुछ ठोस परिणाम ही सामने आया है।"
बीएसएफ के अनुसार पिछले वर्ष जून और सितंबर में तथा इस वर्ष जनवरी महीने में अमृतसर इलाके में पाकिस्तान की ओर से लगभग 15 रॉकेट दागे जा चुके हैं।
इसके अलावा सीमा पर अवैध घुसपैठ और तस्करी के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है।
सिंह ने कहा, "पिछली रात हुई गोलीबारी की घटना को संज्ञान में लेते हुए हमने पाकिस्तानी रेंजर्स से सोमवार को सख्त विरोध दर्ज कराया है और घटना की सिरे से जांच कराने की मांग की है। हम उस तरफ से ठोस जवाब का इंतजार कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications