ई-सिगरेट पीजिए, धूम्रपान की लत छोड़िए!
ई-सिगरेट एक इलेक्ट्रोनिक उपकरण है जिसकी मदद से निकोटीन की कुछ मात्रा मिल जाती है। यह उपकरण वास्तविक सिगरेट जैसा दिखता है लेकिन इसमें तम्बाकू का इस्तेमाल नहीं होता है। ई-सिगरेट के प्रत्येक कश के साथ निकोटीन की बहुत थोड़ी मात्रा ही शरीर में पहुंचती है।
ऑकलैंड विश्वविद्यालय के अध्ययनकर्ता क्रिस बुलेन कहते हैं, "परीक्षण से पता चला है कि ई-सिगरेट धूम्रपान की इच्छा कम करने के लिए प्रयुक्त होने वाले एक मानक 'निकोटीन रिप्लेसमेंट थैरेपी इन्हेलर' की तरह ही प्रभावी होती है।"
उन्होंने कहा, "हमारे परिणाम बताते हैं कि एक निकोटीन इन्हेलर की तरह ही ई-सिगरेट में लोगों को धूम्रपान करने से रोकने की क्षमता होती है। यद्यपि हमारे परिणामों को शुरुआती तौर पर देखा जाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि ई-सिगरेट ब्रांड्स के इस असर की पुष्टि होना जरूरी है।
अमेरिका और एशिया में ई-सिगरेट्स का इस्तेमाल लोकप्रिय है। लोग धूम्रपान पर होने वाले खर्च को कम करने, कम सिगरेट पीने, धूम्रपान की मनाही वाले स्थानों पर इसके इस्तेमाल, तम्बाकू की आदत दूर करने या धूम्रपान छोड़ने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं।
अध्ययनकर्ताओं ने 40 युवाओं पर यह अध्ययन किया था।
बुलेन कहते हैं, "हमने देखा कि धूम्रपान की इच्छा को कम करने के लिए ई-सिगरेट एक इन्हेलर की तरह ही सीधे रक्त में निकोटीन की कुछ मात्रा पहुंचा देती है और धूम्रपान की इच्छा रखने वाले ज्यादातर लोग इसे स्वीकार कर लेते हैं।"
उन्होंने कहा कि यद्यपि ई-सिगरेट के लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए और अधिक अध्ययन करने की आवश्यकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications