मिग-21 विमानों को चरणबद्ध हटाया जा रहा : एंटनी (लीड-1)
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने सोमवार को संसद को सूचित किया कि वायु सेना पुराने हो चुके मिग-21 विमानों को चरणबद्ध तरीके से हटा रही है। कई मिग-21 विमान दुर्घटनाओं में नष्ट हो चुके हैं।
लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान एंटनी ने कहा, "मिग-21 बहुत पुराना विमान है। ये अब चरणबद्ध तरीके से हटाए जाने की प्रक्रिया में हैं।"
उन्होंने कहा कि विमानों की औसतन आयु 30-34 वर्ष होती है।
वायु सेना के एक सूत्र ने कहा कि वायु सेना में इस समय 200 से कुछ अधिक मिग-21 हैं। इनमें से 121 को उन्नत किया गया है और उनके 2017 तक सेवा में रहने की संभावना है।
वायु सेना के सूत्र ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा कि शेष 80-90 विमानों को चरणबद्ध तरीके से अगले दो-तीन वर्षो में हटा दिया जाएगा।
वायुसेना ने सबसे पहले वर्ष 1961 में मिग-21 विमान हासिल किए थे।
हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड ने 1966 और 1984 के बीच इस विमान के चार संस्करणों का निर्माण किया। आरंभ में विमान के सभी पुर्जे रूस से आते थे और बाद में स्वदेशी पुर्जो के माध्यम से कुल 658 मिग-21 विमानों का निर्माण किया गया।
1990 के दशक के मध्य में मिग-21 विमानों के लगातार दुर्घटनाग्रस्त होने के बावजूद वायुसेना ने चौथे संस्करण के 121 विमानों के उन्नतिकरण का फैसला किया।
वायुसेना के सूत्रों के अनुसार मिग-21 विमानों को पूरी तरह हटाने का मामला नए लड़ाकू विमानों को हासिल करने से जुड़ा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications