नए थलसेना प्रमुख मंगलवार को पहुंचेगे जम्मू एवं कश्मीर
सिंह ने 31 मार्च को अपना कार्यभार ग्रहण किया है। वह राज्य के तीनों प्रमुख क्षेत्रों- जम्मू, लद्दाख और कश्मीर घाटी- की यात्रा करेंगे।
वह उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बी. एस. जसवाल और कोर कमांडरों के साथ नियंत्रण रेखा और लद्दाख क्षेत्र में चीन की सीमा से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर होने वाली घुसपैठों को ध्यान में रखते हुए इनसे निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
एक सेना अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "उनकी यात्रा की तैयारियां जारी हैं और सेना की रणनीतियों और चुनौतियों से संबंधित प्रत्येक जानकारियां नए सेना प्रमुख के सामने रखी जाएंगी।"
सिंह की यात्रा के दौरान उनके व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम(एएफएसपीए) और इसके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करने की संभावना है। वह उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में पिछले सप्ताह मारे गए 70 वर्षीय हबीबुल्लाह खान के मुद्दे पर भी चर्चा करेंगे। खान को एक आतंकवादी बताया गया था लेकिन उसके परिवार का कहना है कि वह एक भिखारी था।
नए थलसेना प्रमुख ने पिछले सप्ताह बयान दिया था कि जम्मू एवं कश्मीर व देश के अन्य आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों में सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम में छूट देने से सेना के अभियान प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications